फैक्ट चेक: क्या दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने दिया पार्टी से इस्तीफा? जानिए वायरल पत्र का सच

क्या दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने दिया पार्टी से इस्तीफा? जानिए वायरल पत्र का सच
  • कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
  • दिग्विजय सिंह के नाम से एक पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसके बाद मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के नाम से एक पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, वायरल लेटर एक इस्तीफा पत्र है जिसके मुताबिक दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

दावा - फेसबुक यूजर विनय पुरी ने अपने अकाउंट से वायरल पत्र पोस्ट करते हुए लिखा, "पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का पार्टी से इस्तीफा।" अन्य यूजर्स भी इस वायरल लेटर को समान दावे के साथ अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर रहे हैं। सभी पोस्ट में लेटर का कंटेंट एक समान है।



पड़ताल - वायरल पत्र की जांच करने के लिए हमारी टीम ने पड़ताल की शुरूआत गूगल ओपन सर्च टूल से की क्योंकि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है और उनका इस्तीफा निश्चित तौर पर एक बड़ी खबर होगी। सर्च रिजल्ट में वायरल लेटर से संबंधित कई न्यूज रिपोर्ट्स सामने आए। नवदुनिया के वेबसाइट पर पब्लिश एक रिपोर्ट से पता चला की रविवार को दिग्विजय सिंह के पार्टी से इस्तीफा देने का फर्जी पत्र काफी वायरल हुआ। फर्जी पत्र के वायरल होने से दिग्विजय सिंह काफी नाराज हुए। इस मामले पर उचित कार्रवाई के लिए उन्होंने साइबर क्राइम के तहत भोपाल में पुलिस केस भी दर्ज करवाया है।

पड़ताल के दौरान हमारी टीम ने दिग्विजय सिंह के आधिकारिक एक्स हैंडल को भी खंगाला। इस वायरल पत्र के संबंध में 16 अक्टूबर को एक पोस्ट करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा, "भाजपा झूठ बोलने में माहिर है। मैंने 1971 में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। पद के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा से प्रभावित होकर जुड़ा था और जीवन की आखिरी सांस तक कांग्रेस में रहूंगा। इस झूठ की मैं पुलिस में शिकायत दर्ज कर रहा हूं।"

जांच के दौरान हमें एएनआई के मध्यप्रदेश के एक्स हैंडल पर 16 अक्टूबर को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इस वीडियो में भोपाल साइबर क्राइम ब्रांच के एसीपी सुजीत तिवारी मामले की जानकारी देते हुए नजर आ रहे हैं। बाइट में एसीपी सुजीत तिवारी ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। वहीं 15 अक्टूबर को अपलोड किए गए वीडियो में दिग्विजय सिंह इस मामले पर बयान देते हुए नजर आ रहे हैं।

जांच में पता चला की वायरल पत्र फर्जी है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है।

Created On :   17 Oct 2023 2:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story